चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा में पुलिस विभाग से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सरकार ने चौंकाने वाला आंकड़ा पेश किया है। कांग्रेस विधायक आफताब अहमद के सवाल के जवाब में सरकार ने बताया कि पिछले 11 वर्षों के दौरान 612 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त पाए गए हैं। इनमें वरिष्ठ स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।

सरकार के जवाब के अनुसार, भ्रष्टाचार के मामलों में एक आईपीएस अधिकारी, एक डीएसपी, पांच जेल अधीक्षक समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। विधानसभा में सरकार की ओर से इन मामलों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों का विवरण भी उपलब्ध कराया गया।

जवाब में आईपीएस अधिकारी धीरज कुमार का मामला भी सामने आया। उनके खिलाफ वर्ष 2021 में गुरुग्राम में भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया गया था। इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। वर्ष 2022 में मामले में आरोपपत्र दाखिल किया गया, हालांकि अनुशासनात्मक कार्रवाई में अभी तक अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

इसी तरह एचपीएस अधिकारी जयप्रकाश के खिलाफ वर्ष 2022 में गुरुग्राम में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज हुआ था। सरकार के मुताबिक उन्हें वर्ष 2023 में निलंबित किया गया।

सरकार ने अपने लिखित जवाब में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कार्रवाई का सामना कर रहे अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का भी ब्योरा विधानसभा के समक्ष रखा है। इन आंकड़ों के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और ऐसे मामलों में होने वाली कार्रवाई को लेकर सवाल उठना तय है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m