अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के कोटा गांव में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां कोटा नदी में नहाने गया 9 वर्षीय बालक गहरे पानी में डूबने के बाद लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शाम करीब 7 बजे तक तलाश के बावजूद बालक का पता नहीं चल सका।
READ MORE: मरीज को ले जा रही 108 एंबुलेंस डिवाइडर से टकराकर पलटी! हादसे के बाद चालक फरार, राहगीरों ने बचाई जान
अब सोमवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। लापता बालक की पहचान लवकुश पिता संत चौधरी 9 वर्ष निवासी पवई जिला पन्ना के रूप में हुई है। बताया गया है कि लवकुश अपनी नानी के घर कोटा आया हुआ था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह गांव के ही एक साथी के साथ कोटा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया और पानी में डूब गया।
पुल पर लगाया जाल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में बालक की तलाश के लिए शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली। नदी में पानी के बहाव को देखते हुए घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित पुल के पास जाल भी लगाया गया है ताकि बालक के बहकर आगे निकलने की स्थिति में उसे रोका जा सके। पुलिस की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक नदी में तलाश की। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



