दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने मंगलवार को एक बार फिर एम्स (AIIMS) पहुंचकर सत्य निकेतन हादसे (Satya Niketan PG accident) में घायल लोगों के परिजनों से मुलाकात की। हादसे में 7 लोगों की मौत हुई थी। इस दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे वाली इमारत के ठीक बगल में स्थित एक अन्य खतरनाक इमारत को बुधवार को ध्वस्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी जांच की जा रही है। उन्होंने घटनास्थल के पास स्थित दूसरी खतरनाक इमारत को गिराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों के लिए 5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।
घायलों को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद
मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बिल्डिंग हादसे में घायल लोगों से मुलाकात करने एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं। घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि प्रभावित लोगों की आर्थिक मदद के लिए राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। सीएम ने प्रशासन को हादसे के आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि कोई इमारत खतरनाक पाई जाती है, तो जरूरत के मुताबिक उसे हटाने की कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
बिल्डिंग गिरने से 7 लोगों की मौत
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत ढहने से सात लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में घायल तीन लोग अभी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं। इमारत का इस्तेमाल लड़कों के लिए पेइंग गेस्ट (PG) के तौर पर किया जा रहा था। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर इमारत की मालकिन उर्मिला गुप्ता, उनके पति हरिराम गुप्ता और बेटे महेश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उस ठेकेदार की तलाश कर रही है, जो इमारत के बेसमेंट में रिसाव की समस्या को दूर करने के लिए मरम्मत का काम करा रहा था। मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने सोमवार को हरिराम गुप्ता और उर्मिला गुप्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि उनके बेटे महेश गुप्ता को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों और मरम्मत कार्य में संभावित लापरवाही की भी जांच कर रही है।
सरकार घायलों और पीड़ित परिवारों को देगी आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि हादसे के बाद 12 लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया था, जिनमें से सात की मौत हो चुकी है। मृतकों में दो मजदूर भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एक घायल मजदूर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके पैर में गंभीर चोट आई है, लेकिन उसकी हालत फिलहाल ठीक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दो बच्चे पूरी तरह ठीक हैं और उन्हें मंगलवार को छुट्टी दी जाएगी, जबकि एक बच्चा आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। रेखा गुप्ता ने घायल बच्चों के माता-पिता से भी मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हादसे में घायल बच्चों और मजदूरों के परिवारों को आर्थिक सहायता भी देगी। सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
शवों को भेजने के लिए सरकार ने किए इंतजाम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि हादसे में अपने बच्चों को खोने वाले परिवार शव लेकर दिल्ली से रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से शवों को उनके गृह स्थान तक भेजने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए थे और प्रशासन लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हादसे वाली इमारत के ठीक बगल में स्थित एक अन्य भवन को खतरनाक और असुरक्षित घोषित किया गया है। इस इमारत को बुधवार को ध्वस्त किया जाएगा। सरकार ने आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
MCD के 5 अधिकारी सस्पेंड, इमारतों के निरीक्षण के आदेश
सत्य निकेतन इमारत हादसे के बाद MCD के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने दक्षिण जोन के उपायुक्त राकेश कुमार समेत चार इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है। निलंबित इंजीनियरों में अधीक्षण अभियंता रणबीर सिंह, अधिशासी अभियंता ललित कुमार गोयल, सहायक अभियंता सुनील चौहान और कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार शामिल हैं।हादसे के बाद MCD ने पूरी दिल्ली में इमारतों के निरीक्षण के आदेश दिए हैं। खास तौर पर ऊंचाई और मंजिल की निर्धारित सीमा का उल्लंघन करने वाली इमारतों की जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अधिकारियों को दिल्ली में मौजूद सभी पांच मंजिला ढांचों की सुरक्षा जांच करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सील करने के निर्देश दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



