दिल्ली नगर निगम (MCD) की स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को सिविक सेंटर स्थित निगम मुख्यालय में चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में भाजपा को बड़ी सफलता मिली और दोनों पदों पर उसके उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। वार्ड-226 (गौतमपुरी) से भाजपा पार्षद सत्या शर्मा (Satya Sharma) लगातार दूसरी बार स्थायी समिति की अध्यक्ष चुनी गईं। वहीं वार्ड-248 (करावल नगर वेस्ट) से भाजपा पार्षद सत्यपाल सिंह निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिसके चलते दोनों नेताओं को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया। MCD अधिकारियों ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके निर्वाचन की घोषणा की।
एमसीडी की स्थायी समिति की अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने के बाद भाजपा पार्षद सत्या शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। सत्या शर्मा ने कहा कि उनके आगामी कार्यकाल का मुख्य उद्देश्य दिल्ली नगर निगम को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहित के प्रति समर्पित संस्था बनाना होगा। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन में जवाबदेही बढ़ाने, विकास कार्यों में तेजी लाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि दिल्लीवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करना उनकी प्राथमिकता होगी। स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं, वित्तीय अनुशासन और विकास परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्थायी समिति सक्रिय भूमिका निभाएगी। सत्या शर्मा ने भरोसा जताया कि निगम के सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों के सहयोग से एमसीडी को अधिक सक्षम, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगम की कार्यप्रणाली को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
सत्या शर्मा ने घोषित किए 5 संकल्प
MCD की स्थायी समिति की अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा पार्षद सत्या शर्मा ने अपने नए कार्यकाल के लिए पांच प्रमुख संकल्पों की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य निगम प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहित के प्रति समर्पित बनाना है।
सत्या शर्मा ने बताया कि उनका पहला संकल्प ‘स्वच्छ दिल्ली’ है। इसके तहत राजधानी में सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, कचरा प्रबंधन प्रणाली में सुधार लाया जाएगा तथा दिल्ली को साफ और सुंदर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
दूसरे संकल्प ‘स्वस्थ दिल्ली’ के तहत एमसीडी के अस्पतालों, डिस्पेंसरियों और जनस्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी।
तीसरा संकल्प ‘शिक्षित दिल्ली’ है। इसके अंतर्गत निगम विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था भविष्य की मजबूत नींव है।
सत्या शर्मा का चौथा संकल्प ‘सुशासन’ है। इसके तहत एमसीडी के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ-साथ तकनीक के अधिक उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि नागरिकों को सेवाएं अधिक तेज और प्रभावी तरीके से मिल सकें।
पांचवां और अंतिम संकल्प ‘सशक्त निगम’ का है। उन्होंने कहा कि एमसीडी को आर्थिक और प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे निगम अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सके।
पक्ष और विपक्ष सभी को मिलेगा बोलने का अवसर
MCD की स्थायी समिति की अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद सत्या शर्मा ने कहा कि समिति के कामकाज में लोकतांत्रिक परंपराओं का पूरा सम्मान किया जाएगा और पक्ष तथा विपक्ष के सभी पार्षदों को अपनी बात रखने का समान अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि व्यापक विचार-विमर्श के बाद बेहतर और प्रभावी निर्णय लिए जा सकें। सत्या शर्मा के अनुसार, स्थायी समिति का उद्देश्य राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर दिल्लीवासियों के हित में काम करना होगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2022 के एमसीडी चुनाव के दौरान दिल्ली की जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि निगम प्रशासन और निर्वाचित प्रतिनिधियों के सहयोग से इन वादों को धरातल पर उतारा जाएगा। सत्या शर्मा ने यह भी कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष के बजट में घोषित विकास परियोजनाओं और जनहितकारी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


