देहरादून. पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वह पिछले करीब एक सप्ताह से नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती थीं, जहां उनका इलाज चल रहा था. आज रविवार (13 सितंबर 2026) को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से भाजपा नेताओं और समर्थकों में शोक की लहर है. उनके निधन पर सीएम धामी ने शोक व्यक्त किया है.

सीएम धामी ने एक्स पर लिखा कि ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.’

इसे भी पढ़ें : पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी का निधन, 79 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

सत्यवती मिश्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें नोएडा सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों की निगरानी में करीब एक सप्ताह से उनका इलाज चल रहा था. शनिवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी अस्पताल पहुंचे थे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी.

डॉ. दिनेश शर्मा ने दी निधन की जानकारी

अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सत्यवती मिश्रा के निधन की जानकारी दी. उन्होंने उन्हें ‘हम सब की चाची जी’ बताते हुए शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सत्यवती मिश्रा निष्कपट, धर्मपरायण और सभी की चिंता करने वाली गृहणी थीं तथा घर आने वाले हर व्यक्ति को बराबर सम्मान देती थीं.