नोएडा. पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वह पिछले करीब एक सप्ताह से नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती थीं, जहां उनका इलाज चल रहा था. आज रविवार (13 सितंबर 2026) को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से भाजपा नेताओं और समर्थकों में शोक की लहर है.

इसे भी पढ़ें- गुंडा एक्ट पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, यूपी सरकार को लगाई फटकार!

नोएडा के अस्पताल में चल रहा था इलाज

सत्यवती मिश्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें नोएडा सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों की निगरानी में करीब एक सप्ताह से उनका इलाज चल रहा था. शनिवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी अस्पताल पहुंचे थे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी.

डॉ. दिनेश शर्मा ने दी निधन की जानकारी

अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सत्यवती मिश्रा के निधन की जानकारी दी. उन्होंने उन्हें ‘हम सब की चाची जी’ बताते हुए शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सत्यवती मिश्रा निष्कपट, धर्मपरायण और सभी की चिंता करने वाली गृहणी थीं तथा घर आने वाले हर व्यक्ति को बराबर सम्मान देती थीं.

ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर जाना था हाल

12 सितंबर को ब्रजेश पाठक नोएडा के मेट्रो अस्पताल पहुंचे थे. उन्होंने सत्यवती मिश्रा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना था. इसके साथ ही उन्होंने डॉक्टरों से उनके इलाज और स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली थी. इसके एक दिन बाद उनके निधन की खबर सामने आई.

इसे भी पढ़ें- बलिया में पूर्व CRPF जवान की हत्या, बेटियों ने कहा- आरोपियों का एनकाउंटर हो

राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक

सत्यवती मिश्रा के निधन पर भाजपा और राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक जताया है. लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान कलराज मिश्र की पत्नी के तौर पर सत्यवती मिश्रा परिवार और सामाजिक संबंधों में सक्रिय रहीं. उनके निधन से परिवार और करीबियों में शोक का माहौल है.