बलिया. जिले के उभांव थाना क्षेत्र में पड़ोसियों के हमले में पूर्व CRPF जवान अमरेश बहादुर सिंह (45) की मौत हो गई. 10 सितंबर 2026 की रात डेयरी फार्म पर पहुंचे पड़ोसी परिवार के लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट और चाकू से हमला किया. बचाने पहुंचे छोटे भाई मंजेश पर भी हमला किया गया, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

इसे भी पढ़ें- यूपी में मानसूनी बारिश से 26 जिले बाढ़ की चपेट में, 4 लाख लोग प्रभावित; आज 19 जिलों में बारिश

डेयरी फार्म पर पहुंचकर किया हमला

परिवार के मुताबिक, रात करीब 9 बजे पड़ोसी गिरीश चंद्र अपने परिवार के साथ डेयरी फार्म के पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा. विवाद बढ़ने पर अमरेश बाहर आए. आरोप है कि इसी दौरान उन पर चाकू से हमला कर दिया गया. शोर सुनकर पहुंचे उनके भाई मंजेश ने बचाने की कोशिश की तो उन पर भी चाकू से वार किया गया.

इलाज के दौरान अमरेश की मौत

दोनों भाइयों को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अमरेश को मृत घोषित कर दिया. मंजेश की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने अमरेश के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा. शुक्रवार को उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.

परिवार ने मांगी सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई

अमरेश की बेटियों और पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. परिवार का कहना है कि घर में अब छह महिलाएं और दो बच्चे हैं और उन्हें आरोपियों से खतरा है. बड़ी बेटी की अगले साल शादी होनी है. परिजनों ने आर्थिक मदद, सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग रखी है.

इसे भी पढ़ें- ‘पीटेंगे, डकैती डालेंगे, अपहरण करेंगे’ धर्मपाल सिंह ने बताया अखिलेश के PDA का नया ‘फुल फॉर्म’, मचा भारी बवाल

तीन आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश

ASP उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के अनुसार, मामले में पांच आरोपियों में से शीला, सूरज और खुशी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं. उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.