लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर हैं. प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं और करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित हुई है. कई जगहों पर नदियों का कटान तेज हो गया है, जिससे मकान, पेड़ और धार्मिक स्थल खतरे में हैं. पिछले 24 घंटे में 50 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें वाराणसी में सबसे ज्यादा 16.9 मिमी बारिश हुई. आज 19 जिलों में बारिश का अलर्ट है.

इसे भी पढ़ें- ‘पीटेंगे, डकैती डालेंगे, अपहरण करेंगे’ धर्मपाल सिंह ने बताया अखिलेश के PDA का नया ‘फुल फॉर्म’, मचा भारी बवाल

पीलीभीत में शारदा का रौद्र रूप

पीलीभीत में शारदा नदी का कटान बेहद तेज हो गया है. तेज बहाव में किनारे पर बने कई मकान और विशाल पेड़ नदी में समा गए. ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोग सुरक्षित जगह की ओर पलायन कर रहे हैं.

बाराबंकी में मस्जिद नदी में लटकी

लखनऊ से सटे बाराबंकी में सरयू-घाघरा नदी का जलस्तर घटने के बावजूद कटान और तेज हो गया है. एक मस्जिद का आधा हिस्सा दो दिनों से नदी में लटका हुआ है. कभी भी पूरा ढांचा पानी में समा सकता है. 10 दिनों में सैकड़ों बीघा जमीन और कई मकान नदी की भेंट चढ़ चुके हैं. बाढ़ के पानी से ज्यादा खिसकती जमीन की चिंता सता रही है.

बुलंदशहर में श्मशान घाट लमहाें में समाया

बुलंदशहर में गंगा की तेज धार ने एक पक्का श्मशान घाट कुछ ही सेकंड में निगल लिया. अचानक जमीन और पक्के हॉल का हिस्सा भरभराकर नदी में खिसक गया.

गंगा-यमुना का जलस्तर फिर बढ़ा, घाट डूबे

कानपुर-उन्नाव में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है. किनारे के गांवों में 10 फीट तक पानी भर गया है. प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है. संगम के प्रमुख घाट पानी में डूबे हैं. 14 दिन बाद लेटे हनुमान जी के कपाट खोल दिए गए हैं. वाराणसी में मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर छतों पर अंतिम संस्कार हो रहा है, जबकि कुछ घाटों से पानी उतरने लगा है.

इसे भी पढ़ें- बनारस में थमी ‘जस्टिस मोर्चा’ की साइकिल यात्रा: शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस का खुला समर्थन, बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले 24 घंटे तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने रविवार (13 सितंबर 2026) को प्रदेश के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है.