पश्चिम बंगाल में गरम चुनावी माहौल के बीच कोलकाता के एक वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश कुमार हाजरा ने ऐसा ऑफर दिया है जिसने राजनीतिक चर्चा छेड़ दी है. उन्होंने घोषणा की है कि जो भी मरीज उनके निजी क्लिनिक में “जय श्री राम” कहेगा, उसे परामर्श शुल्क में 500 रुपये की छूट दी जाएगी. इस ऑफर का पोस्टर सामने आते ही पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) तिलमिला गई और इसे समाज को बांटने वाला कदम बताया. वहीं, डॉ. हाजरा का कहना है कि यह उनकी व्यक्तिगत राजनीतिक अभिव्यक्ति है और इसका उद्देश्य मरीजों को आर्थिक राहत देना है. डॉक्टर का कहना है कि वह पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव की उम्मीद में ऐसा कर रहे हैं.

बीजेपी से मांग रहे थे टिकट

बता दें, डॉ. हाजरा ने अपनी प्राइवेट क्लिनिक पर एक पोस्टर लगाया है, जिसमें वह खुद बीजेपी का गमछा पहने हुए हैं. इस पोस्टर में लिखा है कि ‘जय श्री राम’ बोलने वाले मरीजों को डॉक्टर की consultation fees पर 500 रुपये का खास डिस्काउंट मिलेगा. उन्होंने यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है. डॉ हाजरा के इस कदम पर जब विवाद बढ़ा, तो उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह उनका अपना विचार है. वह कहते हैं, “मैं देखता हूं कि बंगाल के मरीजों को इलाज के लिए असम, ओडिशा या साउथ इंडिया जाना पड़ता है, लेकिन वहां से कोई बंगाल इलाज के लिए नहीं आता. इससे मुझे दुख होता है. मैं चाहता हूं कि इस ट्रेंड में बदलाव आए.”

इसके साथ ही हाजरा ने बीजेपी शासित राज्यों के कामों की भी सराहना की. उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि BJP उन्हें अपना टिकट देगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इसलिए उन्होंने लोगों को बदलाव के लिए वोट करने के लिए प्रेरित करने का यह तरीका सोचा.

चुनावी माहौल में बढ़ी सियासत

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच इस घटना ने राजनीतिक सरगर्मी को और तेज कर दिया है. “जय श्री राम” का नारा पहले भी राज्य की राजनीति में विवाद का विषय रहा है. ऐसे में डॉक्टर हाजरा का यह ऑफर चुनावी संदर्भ में और अधिक संवेदनशील हो गया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की घटनाएँ चुनावी बहस को प्रभावित कर सकती हैं और मतदाताओं के बीच अलग-अलग संदेश भेज सकती हैं. यही कारण है कि यह मामला केवल एक डॉक्टर के ऑफर तक सीमित न रहकर व्यापक राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है.

TMC बोली- बीजेपी को खुश करने की कोशिश

इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता डॉ. निर्मल माजी ने हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. हाजरा अपनी संपत्ति बचाने के लिए BJP को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं. डॉ. हाजरा ने साफ किया कि यह डिस्काउंट उन मरीजों के लिए है जो उनसे दक्षिण कोलकाता स्थित उनकी प्राइवेट चैंबर में मिलेंगे, न कि अस्पताल में. उन्होंने यह भी बताया कि पोस्टर उनके ही एक मरीज ने बनाया है.

कौन हैं डॉ. प्रकाश कुमार हाजरा?

डॉ. प्रकाश कुमार हाजरा कोलकाता के प्रसिद्ध और अनुभवी इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट हैं. वे पिछले लगभग तीन दशकों से दिल से जुड़ी गंभीर बीमारियों का इलाज कर रहे हैं. चिकित्सा क्षेत्र में उनकी पहचान एक कुशल और भरोसेमंद डॉक्टर के रूप में है, जिन पर हजारों मरीजों ने विश्वास जताया है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m