सुशीला देवी , गुरुग्राम। गुरुग्राम में वेयरहाउस से चोरी हुए सामान को खरीदकर आगे बेचने वाले एक आरोपी को अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शहजाद (40) निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2025 को थाना सेक्टर-5 में शिकायत दर्ज हुई थी कि भीम चौक रेलवे रोड स्थित एक वेयरहाउस से वहां काम करने वाले कर्मचारी ने सिल्वर ब्रेजिंग इलेक्ट्रोड और कॉपर ब्रास ब्रेजिंग रिंग चोरी की थी। इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए 13 मई 2026 को आरोपी मोहम्मद शहजाद को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कबाड़ी का काम करता था और उसने चोरी का सामान मुख्य आरोपी राजीव से खरीदकर आगे बेच दिया था।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों राजीव और मोहम्मद शाहनवाज को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

