एसडीएम बराड़ा सतीन्द्र सिवाच ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है। इस दौरान उन्होंने हाईवे पर पेचवर्क करने, लाइटिंग व्यवस्था सुधारने और जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई के निर्देश दिए।
अनिल शर्मा, अंबाला। उपमंडल अधिकारी (ना0) बराड़ा सतीन्द्र सिवाच ने बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे रखरखाव एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों की समीक्षा की। बैठक में हाईवे पर यात्रियों की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा एवं रखरखाव के निर्देश
एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने अधिकारियों को हाईवे पर क्षतिग्रस्त स्थानों पर तत्काल पेचवर्क कराने, पर्याप्त एवं सुचारु लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क किनारे स्थित नालों और रोड साइड ड्रेनों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों में जमी गाद को सही तरीके से निकालकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
अवैध कट होंगे बंद
उन्होंने सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कल्वेट, माइनर ब्रिज तथा ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण कर शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा हाईवे किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाने तथा अवैध कटों को बंद करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। एसडीएम ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित, सुगम एवं बाधारहित यातायात सुनिश्चित करना प्रशासन और एनएचएआई की संयुक्त जिम्मेदारी है। बैठक में एनएचएआई के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

