० साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

सुमन राजपूत , असंध/करनाल। एसडीएम सुमित सिहाग ने स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा के निर्देशों की अनुपालना में पीएचसी सालवन और सीएचसी बल्ला का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पतालों में वार्डों, शौचालयों, ओपीडी परिसर की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और कतार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को बिना किसी परेशानी के उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए एसडीएम ने अस्पतालों में ठंडे पेयजल, प्रतीक्षा क्षेत्रों में पंखे, कूलर और छाया की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ORS और IV फ्लूइड जैसी आवश्यक दवाओं के स्टॉक की भी जांच की गई।

उन्होंने मातृत्व एवं बाल चिकित्सा वार्ड, आपातकालीन सेवाएं, लैब जांच, दवाइयों की उपलब्धता और मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

एसडीएम सुमित सिहाग ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों एवं स्टाफ के व्यवहार और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोताही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।