अनिल मालवीय, ​सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिला मुख्यालय में जमकर हंगामा हुआ। जहां यातायात चेकिंग के दौरान शराब के नशे में धुत एक लोडिंग गाड़ी चालक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि हाथापाई और हुड़दंग पर उतारू हो गया। इतना ही नहीं पुलिसकर्मी की नेमप्लेट निकालकर फेंक दी। यह पूरा मामला सेकड़ाखेड़ी जोड़ के पास का बताया जा रहा है।

​क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, सूबेदार ब्रजमोहन धाकड़ अपनी टीम के साथ सेकड़ाखेड़ी जोड़ पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोककर जांच की गई। गाड़ी रुकवाते ही चालक की हरकतें संदेहास्पद लगीं और उससे शराब की तीव्र गंध आ रही थी। जब पुलिसकर्मियों ने ब्रेथ एनालाइजर से उसका अल्कोहल टेस्ट कराने की कोशिश की, तो चालक और उसके साथी आपा खो बैठे और बहस करने लगे।

​वर्दी पर हाथ डाला, नेमप्लेट नोचकर फेंकी

​नशे में धुत्त चालक का दुस्साहस इतना बढ़ गया कि उसने मौके पर मौजूद यातायात कर्मियों से बदसलूकी शुरू कर दी। इतना ही नहीं कहासुनी के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की वर्दी से नेमप्लेट तक नोचकर फेंक दी। पुलिसकर्मियों की ओर से शांत कराने के बावजूद आरोपी लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हंगामा करता रहा।

​गाड़ी जब्त, आरोपी को को थाने ले गए

​सड़क पर सार्वजनिक रूप से हुए इस हुड़दंग के बाद यातायात पुलिसकर्मियों ने कड़ा रुख अपनाया। पुलिस अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और लोडिंग वाहन को जब्त कर लिया। अब आरोपी चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम, सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने की गंभीर धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m