अनिल मालवीय, ​सीहोर। शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं और गरीबों के निवाले पर किस कदर भ्रष्टाचार का घुन लग चुका है, इसकी बानगी सीहोर जिले की इछावर तहसील में देखने को मिली। ग्राम झरखेड़ा के असहाय और गरीब ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एक शिकायती ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में विंध्याचल स्व सहायता समूह ललियाखेड़ी की ओर से संचालित उचित मूल्य दुकान के जिम्मेदारों पर गरीबों का राशन कालाबाजारी कर बेचने और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।

​ग्रामीणों का आरोप है कि समूह संचालक द्वारा पिछले 6 महीनों से ग्रामवासियों को खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा रहा है। हद तो तब हो गई जब अनपढ़ व गरीब ग्रामीणों के घरों पर जाकर बायोमेट्रिक मशीन में जबरन अंगूठा लगवा लिया जाता है और उनकी पात्र पर्ची से फर्जी तरीके से राशन निकाल लिया जाता है। जब उपभोक्ता दुकान पर राशन मांगने पहुंचते हैं, तो उन्हें खाली हाथ लौटा दिया जाता है और दुकान भी समय पर नहीं खोली जाती।

ये भी पढ़ें: कलेक्ट्रेट तक पहुंची गरीबों की पुकार! 6 महीने से राशन नहीं, हाथ में सिर्फ पर्ची; त्यौहार पर बहनों की गुहार

​गरीब परिवारों ने इस भ्रष्ट कार्यशैली पर तीखी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि राशन न मिलने से उनके सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व इछावर से गुहार लगाई है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी समूह संचालक के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही मांग की है कि राशन वितरण व्यवस्था को सुचारू करने के लिए माह में एक दिन उनके गांव झरखेड़ा में ही दुकान खुलवाई जाए या फिर उचित मूल्य दुकान आर्या से राशन दिलवाने की व्यवस्था की जाए, ताकि पात्र परिवारों को उनका हक मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m