अनिल मालवीय, सीहोर। सौन्दर्यीकरण के नाम पर कराड़ों खर्च करने के बाद भी नगर में सुदंरता नदारद है। इसकी बानगी मंडी क्षेत्र के प्रेमनगर कालोनी में देख सकते है। पार्क निर्माण के नाम पर लाखों रुपए की राशि का भुगतान ठेकेदार को किया गया, लेकिन ऐसा अजूबा पार्क जहां कुर्सी, झूले, लाइट, घास नदारद है। वार्डवासी न तो इस पार्क में बैठ सकते है और ना ही घूम सकते है। लाखों की उद्यान योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ गई।

नगरपालिका परिसर सीहोर में ठेकेदार और अफसर शासकीय धन राशि का जमकर बंदरबाट करने में लगे हुए हैं। जिसका असर निर्माण कार्यों पर साफ देखने को मिल रहा है। नगर के मंडी क्षेत्र के 22 वार्ड की प्रेमनगर कालोनी में दो साल से पार्क निर्माण का काम अधूरा पडा है। ठेकेदार की ओर से यहां दीवार बनाई गई, पेवर और गेट लगाया गया है और महीनों से काम बंद पड़ा है, जबकि ठेकेदार को नगरपालिका ने लाखों रुपए का भुगतान कर दिया है।

झूले,लाइट, कुर्सी नदारद

प्रेमनगर के रहवासियों को कहना है कि जब दो साल पहले नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने पार्क का भूमि पूजन किया था तो सब बहुत खुश थे। लेकिन दो साल में सिर्फ ठेकेदार ने दीवारें ही बनाई हैं, न तो झूले लगे हैं, कुर्सियां नहीं है और घास भी नहीं है। आज बच्चे इसमें खेल भी नहीं सकते पार्क में झाड़ियां उग रही हैं।

जनप्रतिनिधियों से नाराज वार्डवासी

एक तो पार्क में बेहद घटिया और गुणवत्ताहीन काम हुआ है, वहीं ठेकेदार की मनमानी से स्थानीय लोग बहुत परेशान हैं। बताया कि ठेकेदार उनकी बात ही नहीं सुनता। जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को कई बार यहां के काम से अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान ही नहीं देता। इसे लेकर स्थानीय लोगों में जनप्रतिनिधियों को लेकर काफी नाराजगी है। इस संबंध में नगरपालिका की जूनियर इंजीनियर प्राची गुप्ता ने बताया कि लाइट का स्टीमेट दिया है, यदि निर्माण में गड़बड़ी है तो मरम्मत ठेकेदार से कराया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m