अभनपुर। क्षेत्र के गांवों में सेल्के कंपनी नियमों को ताक पर रखकर दो चेन माउंटेन मशीनों से मुरूम का अवैध उत्खनन कर रही है। वहीं रहवासी इलाके से ओवरलोड 16 चक्का वाहनों से मुरूम का परिवहन किया जा रहा है। इसके चलते ग्राम खोला को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके कारण आने-जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में कंपनी के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

ठेलकाबांधा में कंपनी सरकारी जमीन को इस तरह खोद रही है कि मानो वह उनकी निजी जमीन है। गांव की जमीन को मौत के कुएं में तब्दील कर दिया गया है। अवैध खनन से 25 से 30 फीट खाई बना दी गई है, लेकिन खनिज विभाग के अधिकारी सोए हुए हैं। बताया जाता है कि कंपनी द्वारा रायल्टी से 100 गुना मुरूम निकाली गई है। रायल्टी 10 घनमीटर के लिए है और 16 चक्का ट्रक में 40 घनमीटर मुरूम का अवैध परिवहन कर रहे हैं। कंपनी द्वारा ग्राम खोरपा एवं संकरी में भी 30 से 40 फीट गहराई कर अवैध मुरूम निकाली गई है।

narayana

कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे के रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष माखन ताम्रकार ने कहा कि सेल्के कंपनी पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे को लेकर एसडीएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासकीय घास जमीन को कंपनी द्वारा गांव-गांव में मौत का कुआं बना दिया गया है। कार्रवाई नहीं होने से सेल्फे कंपनी के हौसले बुलंद है।

जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी : एसडीएम

एसडीएम रवि सिंह ने कहा, कई गांव से कंपनी की शिकायत आ रही है। रायल्टी कितने की ली है और कितना घनमीटर खोदाई कर लिया गया है, इनकी जांच की जाएगी। इसके बाद सेल्के कंपनी पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। मुरूम के अवैध उत्खनन की पटवारी रिपोर्ट के आधार पर कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा। रायल्टी से अधिक मुरूम की कंपनी भरपाई करेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H