चेतन योगी, देवास। शहर में पुरानी रंजिश के चलते देर रात भवानी सागर निवासी 19 वर्षीय शुभम उर्फ लड्डूनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके साथी गौतम नाथ को भी आरोपियों ने पैरों में दो गोलियां मारी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

दो साल पहले भी प्राणघातक हमला

जानकारी के अनुसार, घटना को अंजाम देने वालों में ऋतिक सोहते, विकास, तुषार सोहते, विपिन बाली, संजू बाली, निगम कर्मचारी का बेटा वरुण बाली सहित अन्य शामिल थे। इनके साथ गट्टू सिहोते और राहुल शूटर का नाम भी सामने आया है। आरोपियों ने शुभम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मुख्य आरोपी वरुण का मृतक से पुराना विवाद चल रहा था। करीब दो वर्ष पहले भी उसने मृतक के घर पर प्राणघातक हमला किया था। घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी थी। मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी।

दुकान पर अवैध वसूली का भी मामला

मृतक के भाई की जवाहर चौक स्थित फोटो-कैलेंडर की दुकान पर भी आरोपियों द्वारा अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया था, जिसकी शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। इलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है।

सड़क हादसे में मां- बेटे की मौतः तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, चालक मौके से फरार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m