Banka News: बिहार के बांका में कल सोमवार की देर शाम देवघर-बांका रेलखंड के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना चांदन थाना क्षेत्र स्थित जुगाड़ी मोड़ के पास की है। मृतक युवक की पहचान सहरसा के दिवारी गांव निवासी रूपेश कुमार पुत्र मणिकांत यादव के रूप में हुई है। घटना को लेकर कुछ लोगों का कहना है कि ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हुई है। हालांकि परिजनों ने बेटे के हत्या की आशंका जताई है।

छानबीन में जुटी पुलिस

रेलवे लाइन पर युवक के शव मिलने की सचूना मिलते ही बेलहर प्रभारी एसडीपीओ सुमित शेखर, कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार और चांदन थानाध्यक्ष रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई को पूरा करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की छानबीन में जुट गए।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

उधर दूसरी तरफ रूपेश कुमार के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने बताया कि रूपेश बीते रविवार (6, सितंबर) को घर से निकला था। वह बसौना गांव के एक युवक अनिल वर्मा को उनके निजी वाहन से उन्हें छोड़ने के लिए देवघर निकला था। भाई ने बताया कि, देवघर पहुंचने के बाद रूपेश देवघर स्टेशन पहुंचा और परिजनों को फोन कर बताया कि उसका पर्स गायब हो गया है।

इसके बाद उसके खाते में पैसा भेजा गया। पैसा भेजने के बाद परिजनों की रूपेश से बात हुई, लेकिन इसी दौरान अचानक उसका फोन कट गया। फिर उसके बाद अब रूपेश के मौत की खबर सामने आई है। परिजनों ने रूपेश के हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार

वहीं, दूसरी ओर पुलिस ने अभी तक युवक की मौत कैसे हुई? इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत ट्रेन से गिरने से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के संबंध में प्रभारी एसडीपीओ सुमित शेखर ने बताया कि पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- कैमूर: नदी पार करते समय दो छात्र गहरे पानी में गिरे, एक की मौत, दूसरे को ग्रामीणों ने बचाया