रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के डही थाना अंतर्गत एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है, जहां अपने खेत से काम करके घर लौटे परिवार ने मटके का पानी पिया तो सरपंच समेत चार परिजनों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। वहीं उसी मटके का पानी पीने से एक बकरी के बच्चे की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार उक्त पानी का मटका घर के बाहर रखा था, जिसमें किसी के द्वारा जहरीला पदार्थ मिले जाने की आशंका जताई है। 

READ MORE: खाद और टोकन नहीं मिलने से फूटा गुस्साः हाईवे पर किसानों ने लगाया जाम, 2 घंटे बाधित रहा यातायात

परिजनों के अनुसार बताई जानकारी में धार के डही थाना क्षेत्र के ग्राम कलमानी में संदिग्ध परिस्थितियों में मटके का पानी पीने से ग्राम सरपंच मुन्ना समेत चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद सभी पीड़ितों को कुक्षी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित लोगों ने बताया कि परिवार दिन में खेत पर गया हुआ था, इस दौरान हमेशा की तरह घर के बाहर पीने के पानी से भरा मटका रखा था। 

READ MORE: मंत्रीजी का ‘पावर कट’! राकेश सिंह के मुड़ते ही तवा पुल पर दहाड़े डंपर, रातभर उजड़ी नर्मदा 

खेत से लौटने के बाद परिवार के सदस्यों ने उसी मटके का पानी पिया, जिसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों का कहना है कि उसी पानी को पीने के बाद एक बकरी के बच्चे की मौत हो गई है , जिससे पानी में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका और गहरा गई। वहीं जहरीले पानी पीने के बाद अस्पताल में भर्ती लोगों में अरविंद उम्र 25 पिता सुरेश डोडवे, रेखा उम्र 21 पति अरविंद, संजूबाई उम्र 40 पति सुरेश डोडवे तथा ग्राम सरपंच मुन्ना शामिल हैं। हालांकि, पानी में जहर मिलाने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है , डही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पानी के नमूने और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m