पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के बम्हनी बंजर थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में एक पुलिसकर्मी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मंडला पुलिस लाइन में पदस्थ 40 वर्षीय आरक्षक सुनील सरयाम ने थाना परिसर के सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय उनके परिवार के सदस्य पास के ही दूसरे कमरे में मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है।

READ MORE: रिश्ते तार-तार: 60 वर्षीय दादा ने 12 साल की पोती से की गंदी हरकत, अश्लील वीडियो दिखाकर… बच्ची ने मां को बताई पूरी आपबीती   

मृतक आरक्षक सुनील सरयाम मंडला जिले के आदेगांव थाना क्षेत्र के पतलोन गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन परिस्थितियों के चलते आरक्षक ने यह कदम उठाया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m