सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के चकिया थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां चीनी मिल जिरात इलाके में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की उम्र करीब 13 वर्ष के करीब बताई जा रही है। शव के आसपास खून के निशान मिलने के बाद घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। शव मिलने की सूचना के बाद चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। आसपास खून के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या की गई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। वहीं, घटना की जांच-पड़ताल करने के बाद पुलिस ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पुलिस ने घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया है। फिलहाल पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे युवती के मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जांच को उस दिशा में आगे बढ़ाएगी।

ये भी पढ़ें- नालंदा: पोल शिफ्टिंग के दौरान बड़ा हादसा, अचानक बिजली प्रवाहित होने एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर