Bihar Crime: बिहार के नवादा जिले से एक सनसनी खेज खबर सामने आई है, जहां एक कुएं से 21 साल के युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ है। कुएं से जला हुआ शव बरामद होने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक युवक की पहचान सोफी चौहान पुत्र महेंद्र चौहान के रूप में हुई है। पूरा मामला परनाडाबर थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव का है।
पिता ने बहू पर लगाया गंभीर आरोप
घटना के संबंध में मृतक युवक सोफी चौहान के पिता महेंद्र चौहान ने अपनी बहु स्वीटी कुमारी और उसके परिजनों पर अपने बेटे की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पिता ने बताया कि 26 मई 2026 को उन्होंने अपने बेटे की शादी स्वीटी कुमारी के साथ की थी। शादी के महज 15 दिन बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन और विवाद शुरू हो गया था। उनके मुताबिक शादी के बाद उनकी बहू स्वीटी किसी अन्य युवक के साथ फोन पर बात करती थी। उसका किसी और के साथ अवैध संबंध था, सोफी जिसका विरोध करता था।
ससुराल वालों ने दी थी धमकियां
इस बीच रक्षाबधंन के त्योहार पर उनकी बहू अपने मायके चली गई, जब सोफी ने उससे वापस ससुराल आने के लिए कहा तो वह इससे इंकार करने लगी। परिजनों ने बताया कि, जब उनका बेटा सोफी अपनी पत्नी को लाने के लिए ससुराल गया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे जान से मारने की धमकियां दी।
इस बीच सोफी कल 28 सितंबर की सुबह 9 बजे अपने घर से निकला और फिर उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। दोपहर 3 बजे के बाद उसके मोबाइल भी बंद बताने लगा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन वह नहीं मिला। वहीं, अब कुएं से उसका अधजला हुआ शव बरामद हुआ है।
जांच के लिए एसआईटी का गठन
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, जो जांच में काफी काम आ सकते हैं। पुलिस को घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर सोफी चौहान की बाइक भी मिली है, जिसका नंबर प्लेट और चेचिस नंबर घिसकर मिटाने का प्रयास किया गया है, जिससे साजिश के तहत हत्या की आशंका गहरा गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा एसपी ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: मुजफ्फरपुर की किशोरी का दरभंगा में मिला शव, घर पर गायब मिले परिवार के सभी सदस्य


