समालखा/पानीपत। पानीपत जिले के समालखा थाना क्षेत्र में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे दो युवकों के गोली लगे शव बरामद हुए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:15 बजे सिवाह बाईपास से बुडशाम पुल के बीच से गुजर रहे एक राहगीर ने सड़क किनारे दो युवकों के शव पड़े देखे। दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान थे। राहगीर ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान 29 वर्षीय अंकुश पुत्र रामजुआरी निवासी सैनी कॉलोनी, हरी नगर, पानीपत और राहुल मलिक निवासी उग्रखेड़ी, पानीपत के रूप में हुई है।
अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या की है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात को कहीं और अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शवों को सिवाह बाईपास और बुडशाम पुल के बीच सड़क किनारे फेंक दिया।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

