अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले में एक 45 वर्षीय मजदूर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ददन यादव के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या की गई है। घटना रोहतास थाना क्षेत्र के बकनौरा गांव की है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीमेंट फैक्ट्री में मजदूरी करता था मृतक

मिली जानकारी के अनुसार मृतक ददन यादव डालमिया भारत सीमेंट फैक्ट्री में मजदूरी करता था। कल मंगलवार की रात वह सीमेंट फेक्ट्री से मजदूरी कर वह अपनी बाइक से घर जा रहा था। इस बीच बकनौरा गांव के पास उनका शव पड़ा मिला। घटनास्थल पर मृतक की बाइक भी बरामद हुई है, जिसे देखकर यह प्रतित होता है कि दुर्घटना के कारण यह हादसा हुआ है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

हालांकि दूसरी ओर परिजनों का कहना है कि ददन यादव की हत्या की गई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने डेहरी से बंजारी की ओर जाने वाली सड़क को बकनौरा के पास जाम कर दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।

जांच-पड़तालत में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस ने मजदूर के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं आपसी रंजिश में इस घटना को तो अंजाम नहीं दिया गया है।

ये भी पढ़ें- रोहतास पुलिस पर लगा शराब पीने का आरोप, ग्रामीणों के विरोध पर हुआ मेडिकल जांच, डॉक्टर ने क्या कहा?