सोनीपत। खरखौदा के गांव थाना कलां में एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बुजुर्ग का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के चलते मृतक के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह गांव थाना कलां निवासी बुजुर्ग सरदार अपने घर में मृत अवस्था में मिले। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर खरखौदा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
नशे का आदी बेटा संदेह के घेरे में
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के बेटे ब्रह्मदास पर शक की सुई घूम रही है। ग्रामीणों के अनुसार ब्रह्मदास लंबे समय से नशे का आदी है और करीब एक माह पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से वापस लौटा था। घटना के बाद उसका घर से गायब होना भी कई सवाल खड़े कर रहा है।
खून से सने कपड़े मिले, फॉरेंसिक जांच शुरू
मौके से पुलिस को खून से सने कपड़े बरामद हुए हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस टीम आसपास के लोगों, परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
हत्या की आशंका, हर एंगल से जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

