प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के व्यस्त टॉवर चौक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक अज्ञात बदमाश ने एक बुजुर्ग व्यक्ति पर गोली चला दी। गोली बुजुर्ग के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।
READ MORE: खंडवा में दर्दनाक सड़क हादसा: सेल्फी लेते श्रद्धालुओं की टवेरा को राखड़ भरे ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 10 घायल, 4 की हालत गंभीर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया था। फिलहाल घायल आशुतोष पिता छोगालाल सोनी निवासी अब्दालपुरा को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वारदात के कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी बाबूलाल मालवीय निवासी तराना को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस से बचकर भागने के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया ।
पुलिस के अनुसार प्रभुलाल मालवीय (50) ने अब्दालपुरा निवासी आशुतोष सोनी पर टॉवर चौक पर गोली चलाई । गोली आशुतोष के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए । आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है ।
READ MORE: MPIDC में बड़ा खेल? सरकारी जमीन पर रिसॉर्ट, नोटिस के बाद भी नहीं हुआ एक्शन, उद्योग की जमीन बना अय्याशी का अड्डा? एमपीआईडीसी का लेटर वायरल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी । कुछ ही देर बाद देवास गेट थाना क्षेत्र के हरिओम टोल नाके के पास आरोपी प्रभुलाल मालवीय को घेराबंदी कर पकड़ा गया । इस दौरान उसने भागने का प्रयास किया, जिसमें वह घायल हो गया । फिलहाल आरोपी का भी सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है ।
सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है । प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है । पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है । पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया है । फिलहाल हमले के पीछे के वास्तविक कारणों और आरोपी के दावों की जांच की जा रही है ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


