० फरीदाबाद में चार दिन पहले ससुराल आई थी रितु, मायके पक्ष ने मानसिक प्रताड़ना और धक्का देकर हत्या का आरोप लगाया; पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में सरकारी शिक्षिका रितु की संदिग्ध मौत ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। सेक्टर-9 स्थित ससुराल की चौथी मंजिल से गिरने के बाद 37 वर्षीय शिक्षिका की मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया है, जबकि पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
रितु मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और बिहार शिक्षा विभाग में सरकारी शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। वह घटना से महज चार दिन पहले ही फरीदाबाद स्थित अपने ससुराल पहुंची थीं। उनके पति पंकज शर्मा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट हैं और वर्तमान में लद्दाख में तैनात हैं।
परिजनों ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां चांदनी देवी का आरोप है कि शादी के बाद से ही रितु को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि करीब तीन महीने पहले पति ने दबाव बनाकर उनकी बेटी की सरकारी नौकरी तक छुड़वा दी थी। परिवार का आरोप है कि ससुराल में उसकी बड़ी जेठानी के साथ अक्सर विवाद होता था और लगातार मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था।
परिजनों के मुताबिक, 17 जुलाई को घटना से पहले भी रितु और उसकी जेठानी के बीच विवाद हुआ था। रितु ने इसकी जानकारी फोन पर अपने परिवार को दी थी। इसके कुछ समय बाद उसकी चौथी मंजिल से गिरने की सूचना मिली। मायके पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद करीब दो दिनों तक उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई, जिससे संदेह और गहरा गया।
पुलिस को सौंपा सीसीटीवी फुटेज
परिवार ने दावा किया है कि उन्होंने पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है, जिसमें रितु इमारत से नीचे गिरती दिखाई दे रही है। उनका आरोप है कि रितु को छत से धक्का देकर हत्या की गई और पूरे मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की गई। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


