रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ढाबे के पास खड़ी कार में दिल्ली पुलिस के एक जवान का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 39 वर्षीय सुधीर निवासी गांव आसौदा, जिला झज्जर के रूप में हुई है। कार में मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की। बताया जा रहा है कि सुधीर दिल्ली पुलिस में कार्यरत था।

प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का अनुमान है कि वह संभवतः ढाबे पर खाना खाने के लिए आया था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया है। वहीं, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सुधीर सांपला किस उद्देश्य से आया था और उसकी मौत कैसे हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।