सिरसा।हरियाणा के सिरसा जिले में 88.970 किलोग्राम अफीम बरामदगी मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। जिस अधिकारी के नेतृत्व में मामले की जांच चल रही थी, वही अब नशा तस्करी नेटवर्क में संलिप्त पाया गया है। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

फतेहाबाद के भट्टू थाना पुलिस ने आरोपी एएसआई रणबीर सिंह को गिरफ्तार कर सिरसा पुलिस के हवाले कर दिया है। इसके साथ ही अफीम की सप्लाई लेने वाले शमशेर नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।

तत्काल बर्खास्त, NDPS एक्ट में मामला दर्ज

मामले के उजागर होने के बाद सिरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई रणबीर सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एएसपी आदर्शदीप सिंह ने बताया कि आरोपी एएसआई करीब एक माह पहले ही हांसी जिले से ट्रांसफर होकर सिरसा आया था और डिंग मंडी थाना में तैनात था।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस के अनुसार फतेहाबाद में गिरफ्तार आरोपी शमशेर ने पूछताछ के दौरान एएसआई रणबीर सिंह के तस्करी नेटवर्क में शामिल होने की जानकारी दी थी। इसके बाद जांच आगे बढ़ाई गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

88 किलो अफीम ट्रक से बरामद

गौरतलब है कि राजस्थान पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर सिरसा पुलिस ने भावदीन टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 88.970 किलोग्राम अफीम बरामद की थी। मौके से ट्रक चालक सुखराम (निवासी पाली, राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया था।बाद में जांच में ट्रक मालिक गगनदीप सिंह को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया।

जांच NCB को सौंपी गई

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच अब नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) चंडीगढ़ को सौंप दी है। एएसपी ने बताया कि आगे की जांच एनसीबी द्वारा की जाएगी और पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल होगी।