बीडी शर्मा, दमोह। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में देर शाम एक किसान के साथ लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। राय चौराहे से पलंदी चौराहे के बीच अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ट्रैक्टर का पीछा कर पैसों से भरा बैग छीन लिया। घटना रात करीब 9:07 से 9:46 बजे के बीच की बताई जा रही है।

ट्रैक्टर से पैसों का थैला छीनकर फरार

जानकारी के अनुसार महन्तपुर निवासी भूपेंद्र पटेल ने बताया कि उनके चचेरे भाई मसूर बेचकर नगदी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार 2 अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा किया और ट्रैक्टर से पैसों का थैला छीनकर फरार हो गए। लूटी गई रकम करीब ढाई लाख रुपए है, जिसमें 1 लाख 8 हजार भूपेंद्र के और करीब एक लाख 50 हजार रुपए उनके चचेरे भाई के थे। सीसीटीवी फुटेज में किसान दुकान पर सामान खरीदते रहे थे तभी बाइक सवार आरोपी रेकी करते दिख रहे है।

टीवी फुटेज में एक बाइक पर दो युवक दिखाई दे रहे

टीवी फुटेज में एक बाइक पर दो युवक दिखाई दे रहे हैं, जिसमें चालक हेलमेट पहने हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले मां छोटी देवी मंदिर में भी चोरी की वारदात हुई थी। लगातार घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।

भूपेंद्र पटेल, पीड़ित का भाई

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m