डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की, एडीसी डॉ. राहुल रईया बनाए गए नोडल अधिकारी

करनाल, 5 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा और सुशासन के उपलक्ष्य में करनाल जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत 14 मॉड्यूल में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाने, पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। जिले में अभियान के लिए एडीसी डॉ. राहुल रईया को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और कार्यक्रमों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए।

17 सितंबर को होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम

डीसी ने बताया कि 17 सितंबर को बूथ स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों और बूथों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने विभाग से जुड़े लाभार्थियों की पहचान कर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों के लिए होगी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी स्कूलों में राष्ट्रव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। डीसी ने स्कूलों में विद्यार्थियों की तैयार पेंटिंग और ड्रॉइंग को नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए।

नुक्कड़ नाटकों से लोगों तक पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल में हुए सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। स्कूल-कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्र और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर इन कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

25 सितंबर से होगा ‘आंगन का उत्सव’

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। जिले की प्रत्येक आंगनबाड़ी के लिए तीन दिन निर्धारित किए जाएंगे। इस दौरान बच्चों, माताओं, पोषण, स्वास्थ्य और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां होंगी। डीसी ने विभाग को कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सोशल मीडिया पर दिखेगी ‘कहानी बदलाव की’

‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत जिले की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर आधारित स्टोरी तैयार की जाएंगी। विभिन्न विभाग शॉर्ट वीडियो और रील्स बनवाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करेंगे। यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से भी विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

गांव-गांव पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’

अभियान के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी निकाली जाएगी। इसके लिए डीडीपीओ और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष वैन गांव-गांव जाकर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करेगी।

25 तरह की सेवा गतिविधियां होंगी आयोजित

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रमों का दौरा, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सहयोग, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण, साइबर सुरक्षा, खेल गतिविधियां और दिव्यांगजनों की सहायता सहित 25 गतिविधियां शामिल हैं।

‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ रहेगा अभियान का प्रमुख हिस्सा

डीसी ने बताया कि ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ अभियान का प्रमुख घटक होगा। इसके तहत ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ लेने में सहायता दी जाएगी।

प्रत्येक ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा सेतु केंद्र’ स्थापित करने की भी योजना है। यहां लोगों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि पात्र लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

प्राकृतिक रंगों से बनाई जाएगी आकर्षक रंगोली

अभियान के दौरान रंगोली कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें प्राकृतिक रंगों और प्राकृतिक उत्पादों का इस्तेमाल कर बड़े स्तर पर आकर्षक रंगोली तैयार की जाएगी। डीसी ने यह गतिविधि शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।

डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को अधिक से अधिक जनभागीदारी से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ पात्र नागरिकों को उनका लाभ दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m