अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले के गढ़पुरा प्रखंड क्षेत्र स्थित सोनमा गांव में शादी समारोह के दौरान मटकोर की रस्म अचानक बड़े हादसे में बदल गई। मंगलवार रात करीब आठ बजे बोतल में पटाखा भरकर विस्फोट किए जाने से सात बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।

पटाखा छोड़ते समय हुआ विस्फोट

जानकारी के अनुसार सोनमा वार्ड संख्या आठ निवासी बैद्यनाथ पाल के पुत्र रोशन कुमार के मटकोर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। रस्म के दौरान पटाखे छोड़े जा रहे थे। इसी बीच कुछ बच्चों ने बोतल में पटाखा भरकर उसमें विस्फोट कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि बोतल के शीशे के टुकड़े चारों तरफ फैल गए। पास में मौजूद बच्चे इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कुछ बच्चों को किया गया रेफर

घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक के पास ले जाया गया। बाद में कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। घायलों में सोनमा गांव की वर्षा कुमारी, राजनंदनी, शिवानी कुमारी और गुंजन कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा हसनपुर थाना क्षेत्र के भैट्ठाबन गांव निवासी रेखा, सहरसा निवासी बादल कुमारी और सलौना निवासी पिंकी भी घायल हुई हैं।

हादसे में घायल हुआ एक युवक नाच के दौरान हथियार लहराते हुए भी नजर आ रहा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार वह एक अपराधी किस्म का युवक है। इस विस्फोट हादसे में वह भी घायल हुआ है।

गांव में तरह-तरह की चर्चाएं

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी समारोहों में लापरवाही से पटाखे जलाने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने ऐसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी बरतने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- हथियार तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ा एक्शन, पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार