सोहराब आलम, मोतिहारी। जिला पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के पास से पुलिस ने दो देसी पिस्टल, पांच कारतूस एवं चार मोबाइल को जब्त किया है। इसके साथ ही जिस ऑटो से ये लोग जा रहे थे, पुलिस ने उस ऑटो को भी जब्त किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी 2 जितेश पांडेय ने बताया कि, पुलिस को कुछ संदिग्ध लोगों के ऑटो पर सवार होकर शहर के बरियारपुर की ओर जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद छतौनी थाने की पुलिस ने तलाशी अभियान चलाते हुए संदिग्ध ऑटो की रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ऑटो में सवार अब्बास नाम के एक युवक के पास से देशी पिस्टल बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने सभी ऑटो सवार को गिरफ्तार कर अपने साथ थाने लेकर चली गई।

पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद

गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर डीआयु और एसटीएफ की टीम ने दो अन्य युवकों को पकड़ीदयाल से गिरफ्तार किया, जिनके पास से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस जब्त किया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान अब्बास खान, अबरार अंसारी, इम्तियाज खान, रंजीत कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है।

हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार सभी आरोपी हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं और इनके संबंध अन्य जिलों से भी हो सकते हैं। पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर उनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए जा रहे थे और किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे।

ये भी पढ़ें- पिछले दो दिनों में कैमूर के रामगढ़ में मिली 6 सिर कटी लाशें, अब तक किसी की पहचान नहीं