पश्चिम बंगाल में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक पाकिस्तानी मॉड्यूल द्वारा मंत्रियों और उनके बेटों को हनी-ट्रैप में फंसाने का साजिश का पश्चिम बंगाल STF ने खुलासा किया है. जांच में खुलासा हुआ कि जैश ने पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के वरिष्ठ मंत्रियों और उनके परिजनों को निशाना बनाने के लिए ‘हनी-ट्रैप’ का बड़ा ताना-बाना बुना था. इसके लिए आईएसआई युवा महिलाओं और इन्फ्लुएंसर्स का इस्तेमाल कर रही थी.

बंगाल में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक पाकिस्तानी मॉड्यूल द्वारा जासूसी करने और फिरौती के लिए अपहरण की बड़ी साजिश का बंगाल STF ने खुलासा करते हुए अब तक तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है.

STF अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मॉड्यूल की मुख्य कमान पाकिस्तान की गुप्तचर संस्था ‘इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस’ (ISI) के हाथों में थी. आईएसआई ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को निशाना बनाने और मंत्रियों व उनके बेटों को हनी-ट्रैप में फंसाने के लिए महिलाओं की भर्ती करने का काम सौंपा था.

आईएसआई युवा महिलाओं और इन्फ्लुएंसर्स का इस्तेमाल कर रही थी, जिसमें एक इन्फ्लुएंसर अर्पिता सरकार गिरफ्तार हुई है. मॉड्यूल कथित तौर पर ऐसी युवा महिलाओं की तलाश कर रहा था जिन्हें हनी-ट्रैप ऑपरेशन के लिए भर्ती किया जा सके. ऐसे काम करने के बदले मोटी रकम का वादा किया गया था.

सुरक्षा एजेंसियों की तफ्तीश में यह बात भी सामने आई है कि जैश केवल जानकारी जुटाने तक सीमित नहीं था, बल्कि वह मंत्रियों के बेटों का अपहरण कर मोटी रकम वसूलने के फिराक में भी था.

बंगाल एसटीएफ ने पूर्वी बर्धमान से संदिग्ध जैश ऑपरेटिव मोहम्मद हमीम मंडल, झारखंड से उसकी सहयोगी अर्पिता सरकार और हावड़ा से आदित्य सिंह को गिरफ्तार किया है.

वहीं, IB के अधिकारियों का कहना है कि आतंकी संगठनों द्वारा अपनाए जा रहे इस नए तरीके से सुरक्षा तंत्र के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m