सोनीपत। हरियाणा में पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है। सोनीपत जिले में तेज लू और भीषण गर्मी के बीच एक 40 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि युवक तेज धूप और गर्म हवाओं की चपेट में आ गया था, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और घर पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। जिले में इस सीजन में लू से मौत का यह पहला मामला माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान विजय (40) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव काठा का रहने वाला था। वह पिछले करीब 10 वर्षों से मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। बताया जा रहा है कि विजय गांव नांगल कलां से टीडीआई कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट की ओर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज गर्मी और लू लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई।

किसी तरह वह घर पहुंचा, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उसकी हालत गंभीर हो गई और उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वहीं लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।