हिसार। हरियाणा में मौसम लगातार करवट ले रहा है। रविवार को प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में रहा, जहां राजस्थान सीमा से सटे भिवानी जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और भिवानी, बहादुरगढ़ व रोहतक समेत कई क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में इन दिनों दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से गर्म और शुष्क हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। भिवानी के अलावा फरीदाबाद में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश जिलों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।

कई जिलों में चली लू भरी हवाएं
दिनभर चली लू और तेज धूप के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग में भी उल्लेखनीय इजाफा दर्ज किया गया। वहीं, रविवार शाम को भिवानी और महम के आसपास हुई हल्की बारिश से मौसम में कुछ ठंडक महसूस की गई।

मौसम विभाग ने रविवार शाम कुछ जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया था। हालांकि विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण लू चलने और तापमान में और वृद्धि की संभावना बनी रहेगी।

1 जुलाई से प्री मानसून के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 1 जुलाई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। जुलाई की शुरुआत में होने वाली बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा हो सकती है। इस दौरान प्रदेश में आंशिक बादल छाने, तेज हवाएं चलने, वातावरण में नमी बढ़ने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।