RCB vs KKR IPL 2026: आईपीएल 2026 का रोमांच पूरे देश में चरम पर है और छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर भी इससे अछूती नहीं है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इस सीजन में अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है। करीब 10 साल के अंतराल के बाद बीते रविवार यहां खेले गए मुकाबले में RCB ने मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया था। अब इसी मैदान पर 13 मई को RCB का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होने वाला है, जिसे लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

बॉलीवुड किंग शाहरुख खान भी पहुंचेंगे रायपुर

बता दें कि इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा का केंद्र बॉलीवुड सुपरस्टार और KKR के सह-मालिक शाहरुख खान हैं, जो इस मैच के लिए रायपुर पहुंचेंगे। माना जा रहा है कि शाहरुख स्टेडियम में मौजूद रहकर न सिर्फ मैच का लुत्फ उठाएंगे, बल्कि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ियों का हौसला भी बढ़ाएंगे। यह पहला मौका होगा जब शाहरुख छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे।

इससे पहले साल 2013 में हुए आईपीएल में पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने शाहरुख खान को राजधानी आने का न्योता दिया गया था। लेकिन फिल्म की शूटिंग के चलते वे रायपुर नहीं आ सके थे।

शाहरुख खान इन दिनों अपनी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन इसके बावजूद आईपीएल मुकाबले के लिए उनका आना फैंस के लिए बड़ा आकर्षण बन गया है। वह अक्सर टीम के अहम मुकाबलों में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते रहे हैं। इससे पहले भी शाहरुख 6 अप्रैल को कोलकाता में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ नजर आए थे।

राजीव शुक्ला और जय शाह भी रहेंगे मौजूद

इस मुकाबले के दौरान BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और ICC चेयरमैन जय शाह के भी रायपुर आने की संभावना है, जिससे यह मैच और भी हाई-प्रोफाइल बन गया है।

रायपुर में खेले गए पहले मैच में RCB ने MI को हराया

गौरतलब है कि रायपुर में खेले गए पिछले मुकाबले में RCB ने मुंबई इंडियंस को रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 166 रन बनाए थे, जिसके जवाब में RCB ने 167 रन का लक्ष्य 8 विकेट खोकर हासिल किया।

इस मैच में क्रुणाल पांड्या ने 73 रन की शानदार पारी खेली थी, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 4 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने 57 रन बनाए थे, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर सकी और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।

अब सभी की नजरें RCB और KKR के बीच होने वाले इस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं, जो रायपुर में क्रिकेट का रोमांच और बढ़ाने वाला है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H