अजयारविंद नामदेव, शहडोल। आधुनिक डिजिटल दौर में सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल किस तरह भोले-भाले लोगों को जाल में फंसा सकता है, इसका एक सनसनीखेज मामला आदिवासी बाहुल्य शहडोल जिले से सामने आया है। यहां इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर एक शातिर युवक ने जैतपुर क्षेत्र की 18 वर्षीय फर्स्ट ईयर छात्रा को अपने प्रेमजाल में फंसाकर उसे भगा ले गया। हालांकि जैतपुर पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के दम पर युवती को मुरैना जिले से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के हवाले कर दिया। 

ग्वालियर जिले के मोहसान निवासी करण धनक ने इंस्टाग्राम पर करण राजपूत नाम से फर्जी आईडी बनाई थी। युवक लोगों के घरों में पुट्टी-पुताई का काम करता था और आलीशान मकानों में काम के दौरान वहां अपनी फोटो खींचकर सोशल मीडिया डीपी में लगाता था, ताकि खुद को संपन्न और प्रभावशाली दिखा सके। इसी फर्जी चमक-दमक के जरिए उसने जैतपुर की छात्रा से दोस्ती की और धीरे-धीरे उसे अपने झांसे में ले लिया। 

बताया गया कि युवक ग्वालियर से ट्रेन के जरिए शहडोल पहुंचा, फिर बस से बुढार और वहां से ऑटो में बैठकर जैतपुर आया, यहां से वह युवती को अपने साथ लेकर फरार हो गया, युवती के अचानक लापता होने पर परिजनों ने 6 जून को जैतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। 

पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तत्काल तलाश शुरू की और 7 जून को एक टीम ग्वालियर-मुरैना रवाना की। काफी मशक्कत और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने मुरैना जिले के एक गांव स्थित युवक के मामा के घर से युवती को बरामद कर लिया। हालांकि शहडोल पुलिस को देखकर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया, फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। 

वहीं इस पूरे मामले में जैतपुर थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्वालियर का एक युवक फर्जी इंस्टाग्राम फेक आईडी बनाकर एक युवती को अपने जाल में फंसाकर भगा ले गया था। परिजनों की शिकायत पर से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर युवती को मुरैना के एक गांव से दस्तयाब कर परिजनो के हवाले कर दिया है, और भी मामले की जांच जारी है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m