अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिला मुख्यालय के नए बस स्टैंड के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बिरयानी दुकान में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते सिलेंडर से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि कोई भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए मौके पर भगदड़ जैसे हालात निर्मित हो गए, सिलेंडर में लगी आग ने बड़े हादसे का खतरा पैदा कर दिया।

बताया गया कि घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन आरोप है कि सूचना के बावजूद काफी देर तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान सिलेंडर से लगातार आग की लपटें उठती रहीं और आसपास मौजूद दुकानदारों, राहगीरों की सांसें अटकी रहीं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा होने की सूचना सामने नहीं आई।

कमर्शियल की जगह घरेलू गैस का इस्तेमाल

इस घटना ने शहर में संचालित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और बिरयानी दुकानों में गैस के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, बिरयानी दुकान में व्यावसायिक उपयोग के लिए निर्धारित कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की जगह घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था।

नियमों की अनदेखी

सवाल यह है कि जब व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कमर्शियल गैस निर्धारित है, तो आखिर घरेलू गैस का इस्तेमाल किसकी अनदेखी में हो रहा है? शहर में कई ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल की आशंका है। यह न केवल नियमों की अनदेखी का मामला है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m