अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाला हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जहां एक अज्ञात बेकाबू वाहन ने सड़क पर मौजूद गौवंशों को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 6 से ज्यादा गौवंशों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि 4 से अधिक गौवंश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही गौ सेवक और गौ रक्षक मौके पर पहुंचे, घायल गौवंशों को इलाज के लिए गौशाला भेजा गया। पुलिस अब फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।

यह पूरा मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे-43 पर पंचवटी चौराहे के समीप गौवंश सड़क पर एकत्र थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन गौवंशों को रौंदते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मवेशियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और सड़क पर ही तड़पते हुए 6 से ज्यादा गौवंशों ने दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने के बाद बेकाबू वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सड़क पर तड़पते गौवंशों को देखकर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गौ सेवकों को दी।

ये भी पढ़ें: शराबी ड्राइवरों पर नगर निगम की सख्ती! अब ‘ब्रीथ एनालाइजर’ टेस्ट में पास होने पर ही मिलेगी गाड़ी की चाबी

सूचना मिलते ही गौ सेवक तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई। सभी गंभीर रूप से घायल गौवंशों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए नजदीकी गौशाला पहुंचाया। फिलहाल गौशाला में चिकित्सकों और गौ सेवकों की देखरेख में घायल गौवंशों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होते ही संबंधित चालक के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m