अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जंगलों में पेड़ों की कटाई, सिमटते वन क्षेत्र और बढ़ता मानवीय दखल अब इंसान और वन्यजीवों के बीच संघर्ष की बड़ी वजह बनता नजर आ रहा है। जंगलों का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ने के बीच वन्यजीवों की रिहायशी इलाकों में लगातार आवाजाही बढ़ रही है। कहीं हाथियों के झुंड गांवों तक पहुंच रहे हैं, तो कहीं भालू और तेंदुए की दस्तक लोगों के लिए खतरा बन रही है। इसी बीच अब शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन क्षेत्र में एक मादा तेंदुए का क्षत-विक्षत शव मिलने से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

ये भी पढ़ें: शादी के 7 महीने बाद नवदंपति की संदिग्ध मौत; फंदे पर मिला पति का शव, बेड पर अचेत मिली 6 माह की गर्भवती पत्नी

जयसिंहनगर के जंगलों में मिला मादा तेंदुए का शव

मामला वनमंडल उत्तर अंतर्गत वन परिक्षेत्र जयसिंहनगर के सर्किल बिजहा की बीट कक्ष क्रमांक पी-333 स्थित राजस्व क्षेत्र का है, जहां मादा तेंदुए का शव बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मादा तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष यानी वन्यजीवों के बीच हुए द्वंद्व के दौरान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

लगातार सामने आ रहे हैं मानव-वन्यजीव संघर्ष और हादसों के मामले

गौरतलब है कि शहडोल जिले में पिछले कुछ समय से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पहले हाथियों के झुंड की गांवों में आवाजाही, फिर रिहायशी इलाकों में भालुओं की दस्तक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ाई। इसके बाद घर से बच्ची को उठाकर ले जाने की घटना में तेंदुए के हमले से बच्ची की मौत हुई, वहीं बाघ के हमले में एक ग्रामीण की जान चली गई। कुछ समय पहले एक नर हाथी की करंट की चपेट में आने से मौत का मामला भी सामने आया था।

ये भी पढ़ें: MP में शीतकालीन सत्र से पहले सियासी संग्राम, उमंग सिंघार बोले- जनता के सवालों से भाग रही सरकार; BJP ने दिया जवाब

अब मादा तेंदुए का शव मिलने से वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगलों में बिगड़ते पारिस्थितिक संतुलन पर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि जंगलों में घटते प्राकृतिक आवास और बढ़ते मानवीय हस्तक्षेप के बीच इंसान और वन्यजीवों के बीच टकराव को रोकने के लिए वन विभाग की रणनीति क्या है, क्योंकि जंगलों का संतुलन बिगड़ेगा, तो उसका असर केवल वन्यजीवों पर नहीं, बल्कि जंगल के आसपास रहने वाले इंसानों की जिंदगी पर भी पड़ेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m