अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम खुसरिया के पास सोन नदी पार करने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। नदी के दूसरे छोर पर रखी नाव को लाने के लिए तैरकर नदी पार कर रहा 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया था। घटना के बाद लगभग 20 घंटे चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद SDRF की टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया है।
ये भी पढ़ें: छतरपुर में महिला के साथ बर्बरता: मारपीट का वीडियो वायरल, बमीठा थाने में मामला दर्ज
तैरकर नदी पार करने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान दीवान सिंह गोंड 25 वर्ष के रूप में हुई है। वह सोन नदी के दूसरे छोर पर रखी अपनी नाव को लेने के लिए तैरकर नदी पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया और मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई।
SDRF की टीम ने 20 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SDRF की सात सदस्यीय विशेष टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। SDRF की टीम ने नदी में मोर्चा संभालते हुए सघन तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार 20 घंटों की कड़ी मशक्कत और रेस्क्यू के बाद आखिरकार युवक का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया। इस पूरी सर्च टीम में अजेश मिश्रा, मुकेश संजोदिया, नरेंद्र परमार, मोहन भिलाला, शारदा प्रताप पटेल और लक्षण सिंह शामिल रहे, जिनके साथ वाहन चालक सैनिक धर्मेंद्र वैष्णव ने भी मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दीं।
ये भी पढ़ें: बीजेपी सोशल मीडिया प्रभारी की हत्या से फैली सनसनीः आक्रोशित परिजनों ने थाने के सामने NH पर लगाया जाम
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
मामले की जानकारी देते हुए ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि सोन नदी में डूबे युवक की तलाश के लिए SDRF की टीम लगातार जुटी हुई थी। आज सुबह शव पानी की सतह पर आ गया, जिसे टीम ने बाहर निकाल लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

