अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र अंतर्गत तिखवा गांव स्थित धान खरीदी केंद्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अंततः एक युवक की जान चली गई, धान खरीदी केंद्र की अव्यवस्थाओं की फोटो खींचना एक युवक को इतना महंगा पड़ा कि उसके भाई को अपनी जान गंवानी पड़ी, इस सनसनीखेज मामले में धान खरीदी केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा पर युवक की हत्या का आरोप लगा है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, तिखवा गांव निवासी अशोक पाल धान खरीदी केंद्र में चल रही गतिविधियों की फोटो खींच रहा था। इसी बात को लेकर केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा से उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट की सूचना मिलते ही अशोक का भाई दिनेश पाल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने का प्रयास किया।

ये भी पढ़ें: डकैती की बड़ी वारदातः बंदूक से लैस 5 बदमाशों ने किसान दंपति को बंधक बनाकर लाखों के जेवरात ले भागे, पुलिस जांच में जुटी

बताया जा रहा है कि इसी दौरान धान खरीदी केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा ने आपा खोते हुए लोहे की रॉड से दिनेश पाल के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिनेश को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चलता रहा। करीब 8 दिनों तक मौत से जूझने के बाद आखिरकार दिनेश पाल ने दम तोड़ दिया। जैसे ही युवक की मौत की खबर मिली पूरे तिखवा गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया।

ये भी पढ़ें: खंडवा में शराबियों से परेशान महिलाओं का फूटा गुस्सा: अवैध शराब बेचने वाले युवक को पहनाई चप्पलों की माला, VIDEO वायरल

परिजनों और ग्रामीणों ने धान खरीदी केंद्र प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पपौंध पुलिस ने आरोपी शशिकांत शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m