अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसकी बानगी बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम धनगांव में देखने को मिली, जहां लूट और डकैती की तर्ज पर एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया, हथियारों से लैस 5 से अधिक बदमाशों ने एक किसान परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लूट ली और बेखौफ होकर फरार हो गए।
हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए और मुंह पर टेप चिपका दिया
दरअसल किसान ओमप्रकाश केवट के घर देर रात बदमाशों ने धावा बोला। सभी आरोपी बंदूक और चाकू से लैस थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने किसान ओमप्रकाश और उनकी पत्नी को हथियारों की नोक पर कब्जे में ले लिया। इसके बाद पति-पत्नी के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए और मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वे किसी तरह का शोर न मचा सकें। घर के भीतर करीब आधे घंटे तक बदमाशों ने आतंक मचाया, अलमारियों और संदूकों को खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग खड़े हुए।
ग्रामीणों में भय का माहौल
बदमाशों के जाने के बाद किसान दंपति ने कड़ी मशक्कत कर खुद को बंधन से मुक्त किया और तत्काल बुढार थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, तो दूसरी ओर बंधक बनाकर लूट जैसी वारदातें बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर बदमाशों को पुलिस का खौफ क्यों नहीं रह गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासितः बीजेपी जिला अध्यक्ष ने की कार्रवाई, ये रही वजह

