राकेश चतुर्वेदी, शाजापुर/भोपाल। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में बड़ा हादसा हुआ। जहां दो बालकों की नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर नदी में नहाने गए थे। इस दौरान वह डूब गए। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला अकोदिया थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, देवला बिहार गांव में कालीसिंध नदी में डूबने से दो बालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पीयूष (13) पुत्र किशोर और अनमोल (12) पुत्र बलवान के रूप में हुई है। पीयूष कक्षा 6 का छात्र था, जबकि अनमोल उसका भांजा बताया जा रहा है। दोनों बालक मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से खेलने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
ये भी पढ़ें: Indore Fire Accident: सीएम डॉ मोहन ने इंदौर अग्निकांड पर जताया दुख, कहा- इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे सुरक्षा के लिए अच्छे लेकिन कभी-कभी मुसीबत…
कालीसिंध रेलवे ब्रिज के नीचे नदी किनारे उनके कपड़े मिले, जिससे आशंका हुई कि वे नदी में नहाने गए होंगे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने रातभर उनकी तलाश की। देर रात करीब 12 बजे नदी में तलाशी के दौरान दोनों बालकों के शव पानी में मिले। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर अकोदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
ये भी पढ़ें: नर्मदापुरम में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना: रेलवे ट्रैक पर लहूलुहान हालत मिली बच्ची-हालत नाजुक, जताई जा रही ये आशंका
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को अकोदिया सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप गए। पीयूष का एक बड़ा भाई आयुष है, जबकि अनमोल की एक छोटी बहन परी है। घटना के समय अनमोल के पिता मजदूरी करने गए हुए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

