दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने रविवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में कई अहम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कुछ निर्माण कार्यों की शुरुआत की। इन परियोजनाओं से इलाके में साफ-सफाई व्यवस्था, पार्कों के सौंदर्यीकरण और सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य विकास को सिर्फ बड़े प्रोजेक्ट्स तक सीमित रखना नहीं है। सरकार यह सुनिश्चित करने पर काम कर रही है कि बेहतर नागरिक सुविधाएं हर गली, हर कॉलोनी और हर नागरिक तक पहुंचें।

स्कूल भवन से लेकर बिजली व्यवस्था तक कई कामों की शुरुआत

शिक्षा के क्षेत्र में अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग के बीबी-ब्लॉक में स्कूल भवन के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इस परियोजना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं, विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए एएफ-ब्लॉक में खुले ओवरहेड कंडक्टर को अंडरग्राउंड केबल में बदलने के कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इसके अलावा शालीमार बाग के सीएंडडी ब्लॉक की मेन रोड पर खुले ओवरहेड कंडक्टर को अंडरग्राउंड केबल में बदलने का काम भी शुरू किया गया। इन कार्यों से बिजली के तारों से जुड़े संभावित जोखिम कम होने के साथ क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित होगी।

2.84 करोड़ की लागत से बनेगी नई सड़क

मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा स्थित श्री गुरु गोविंद सिंह कॉलेज से रिंग रोड तक नई सड़क के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया। करीब 2.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

आधुनिक कॉम्पैक्टर और टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हैदरपुर के नेहरू कैंप में नवनिर्मित टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पीतमपुरा के एसपी-टीपी ब्लॉक में आधुनिक कॉम्पैक्टर का भी उद्घाटन किया गया। आधुनिक कॉम्पैक्टर के जरिए कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

13 पार्कों के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने वाईपी ब्लॉक के तीन और डब्ल्यू पी ब्लॉक के 10 पार्कों में होने वाले सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं के जरिए स्थानीय निवासियों को बेहतर, स्वच्छ और सुंदर हरित क्षेत्र उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य विकास को केवल बड़े प्रोजेक्ट्स तक सीमित रखना नहीं है। सरकार का प्रयास है कि हर गली, हर कॉलोनी और हर नागरिक तक बेहतर बुनियादी सुविधाएं पहुंचें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर होने वाले विकास कार्यों से लोगों के रोजमर्रा के जीवन में सुविधाएं बढ़ाने के साथ राजधानी को स्वच्छ और बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और जनसुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वच्छता, हरित एवं सुंदर सार्वजनिक स्थलों, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत शहरी व्यवस्थाओं के जरिए दिल्लीवासियों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र को बेहतर स्वच्छता व्यवस्था, जनसुविधाओं, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और मजबूत शहरी ढांचे से युक्त एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना दिल्ली सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में शुरू की गई विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्देश्य स्थानीय जरूरतों को पूरा करने के साथ नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m