अंबाला। हरियाणा और पंजाब को जोड़ने वाला शंभू बॉर्डर बंद होने के बाद अंबाला पुलिस ने दिल्ली और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले वाहन चालकों के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने जाम और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
शंभू बॉर्डर बंद होने के बाद दिल्ली और पंजाब के बीच आवाजाही प्रभावित हो गई है। स्थिति को देखते हुए अंबाला पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं और एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली से पंजाब जाने वाले वाहनों के लिए रूट
पुलिस के अनुसार दिल्ली से पंजाब जाने वाले वाहन अंबाला छावनी → चंडीगढ़ मार्ग → लालड़ू → डेरा बस्सी → जीरकपुर होकर पंजाब में प्रवेश कर सकते हैं। इसके अलावा लालड़ू और डेरा बस्सी से स्थानीय वैकल्पिक मार्गों का भी उपयोग किया जा सकता है।
पंजाब से दिल्ली आने वाले वाहनों के लिए रूट
पंजाब से दिल्ली की ओर आने वाले वाहन राजपुरा → लालड़ू → डेरा बस्सी → जीरकपुर → अंबाला छावनी होते हुए दिल्ली की ओर जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर राजपुरा, लालड़ू और डेरा बस्सी से अन्य वैकल्पिक मार्गों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
अंबाला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य लें। साथ ही यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।


