Punjab Kings Champion Prediction: आईपीएल 2026 के आगाज में अब कुछ ही घंटे बचे हैं. कल यानी 28 मार्च से 19वें सीजन का आगाज होगा. पहला मुकाबला आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने जा रहा है, जो चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा. इस सीजन सभी टीमें नए जोश और जुनून के साथ मैदान पर उतरेंगी. सभी का एक ही मिशन खिताब जीतना है. पिछली दफा यानी आईपीएल 2025 में आरसीबी ने यह कमाल किया था. अब 2026 में वह इसे दोहराना चाहेगी, लेकिन उसकी राह में वही टीम रोड़ा बन सकती है, जिसे आरसीबी ने फाइनल में मात दी थी. जी हां, इस बार पंजाब किंग्स के खिताब जीतने की भविष्यवाणी हो गई है. यह किसी और ने नहीं बल्कि पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शशांक सिंह ने की है.

आईपीएल 2026 से ठीक एक दिन पहले ही शशांक सिंह ने यह दावा कर दिया कि पंजाब किंग्स ट्रॉफी उठाएगी. वह टीम के लिए आईपीएल 2026 की ट्रॉफी उठाते हुए देखने के विश्वास से भरे हुए हैं. पिछले सीजन उनकी टीम फाइनल में सिर्फ 6 रनों से हारी थी. शशांक सिंह ने जियोस्टार प्रेस रूम पर कहा, ‘मुझे पता है कि 31 मई को हम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलते हुए ट्रॉफी उठाएंगे. यह सिर्फ एक एहसास नहीं है, बल्कि मुझे पूरा यकीन है कि ऐसा होगा.’ उन्होंने पूरा जोर देकर कहा कि पूरा ड्रेसिंग रूम एक ही पेज पर है और हर खिलाड़ी में आत्मविश्वास दिख रहा है.

किस प्लानिंग के साथ उतर रही पंजाब किंग्स?

जब शशांक सिंह से पूछा गया कि आईपीएल 2025 यानी पिछले साल के प्रदर्शन को दोहराने के लिए क्या प्लानिंग है, तो उन्होंने कहा कि ‘हम इसे मैच दर मैच लेंगे, क्योंकि आखिरी लक्ष्य ट्रॉफी हासिल करना है. अगर हम सोचते रहेंगे कि हम पिछले साल फाइनल में पहुंचे थे, तो हम पर बहुत दबाव होगा. इसलिए हमारा फिलहाल लक्ष्य जीटी के खिलाफ अपने पहले गेम की तैयारी करना है, फिर सीएसके और केकेआर के खिलाफ.’

आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स ने क्या किया था?

पिछले सीजन पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में कमाल का प्रदर्शन किया था और फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई थी. टीम ने लीग स्टेज में 14 मैचों में से 9 जीत हासिल कर टॉप पर रहने के बाद क्वालीफायर-2 में मुंबई इंडियंस को मात दी थी और फाइनल में एंट्री मारी थी, लेकिन वह खिताब से एक कदम दूर रह गई थी.

शशांक सिंह कौन हैं?

दाएं हाथ के स्टार बैटर शशांक सिंह पंजाब किंग्स के तूफानी फिनिशर हैं, जो पिछले 2 सीजन से इस टीम के अहम खिलाड़ी रहे हैं. उनके आईपीएल करियर की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी. साल 2022 में उन्होंने 10 मैच खेलते हुए सिर्फ 69 रन बनाए थे. इसके बाद जब 2024 में पंजाब के लिए उतरे, तो अलग ही रंग में दिखे. उन्होंने 14 मैचों में 354 रन ठोके थे. फिर 2025 में 350 रन बनाए. अब आईपीएल 2026 में भी वह एक फिनिशर के रोल में दिखने वाले हैं.

आईपीएल 2026 के लिए पंजाब किंग्स की टीम

श्रेयस अय्यर, प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, अर्शदीप सिंह, नेहाल वढेरा, मुशीर खान, हरनूर सिंह, विष्णु विनोद, शशांक सिंह, पायला अविनाश, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, अज्मतुल्लाह ओमरजाई, सूर्यांश शेडगे, मिचेल ओवन, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर, जेवियर बार्टलेट, लॉकी फर्ग्युसन, युजवेंद्र चहल, कूपर कॉनोली, बेन ड्वारशुइस, विशाल निषाद, प्रवीण दुबे, और हरप्रीत बराड़

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m