पानीपत। हरियाणा के शटलर शाश्वत दलाल ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में रजत पदक जीतकर उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने डोमिनिकन रिपब्लिक की राजधानी सेंटो डोमिंगो में 14 से 18 अक्टूबर तक आयोजित BWF Santo Domingo International Open-2026 में दूसरा स्थान हासिल किया। फाइनल में शाश्वत को जर्मनी के मैथियास किकलिट्ज ने 21-19, 21-18 से हराया।
सोनीपत में रहने वाले शाश्वत ने टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों से लेकर सेमीफाइनल तक अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने भारत, ऑस्ट्रिया और पेरू के खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबले खेले और फाइनल में जगह बनाई।

पहले दौर से फाइनल तक ऐसे पहुंचे शाश्वत
शाश्वत ने पहले दौर में भारत के श्रीकांत सुंदरा श्रीनिवासन को 21-14, 21-16 से हराया। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के केविन अरोकीया वाल्टर चोट के कारण मुकाबले से हट गए। इससे शाश्वत को अगले दौर में जगह मिली।
क्वार्टर फाइनल में उनका सामना ऑस्ट्रिया के काई नीडरहबर से हुआ। शाश्वत ने पहला गेम 18-21 से गंवा दिया। हालांकि, उन्होंने वापसी करते हुए अगले दोनों गेम 21-10 और 21-14 से जीत लिए। इस जीत के साथ उन्होंने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
अंतिम चार के मुकाबले में शाश्वत ने पेरू के एड्रियानो वियाले को सीधे गेमों में 21-13, 21-12 से हराया। इसके बाद फाइनल में उनका सामना जर्मनी के मैथियास किकलिट्ज से हुआ, जहां उन्हें 19-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा।
झज्जर के छारा गांव से इंग्लैंड के नेशनल सेंटर तक
शाश्वत दलाल मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले के छारा गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल वह सोनीपत के सेक्टर-23 में रहते हैं।
उन्होंने मलिक बैडमिंटन अकादमी में कोच हरेंद्र मलिक के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। वर्तमान में वह इंग्लैंड के नेशनल सेंटर ऑफ बैडमिंटन में अभ्यास कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
