कुंदन कुमार, पटना। जन सुराज ने प्रशांत किशोर को बांकीपुर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित कर इस मुकालबले को त्रिकोणीय और रोचक बना दिया है। इस बीच टीएमसी सांसद और ‘बिहारी बाबू’ के नाम से प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पीके का समर्थन करते हुए बड़ा बयान दिया है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने किया पीके का समर्थन

शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, बिहार की राजनीति में बड़ा धमाका….सबसे योग्य, दूरदर्शी, विलक्षण बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर दृष्टि से सबसे अधिक लोकप्रिय, प्रशंसित एवं चर्चित व्यक्तित्व प्रशांत किशोर ने आखिरकार चुनावी मैदान में उतरकर बिहार की राजनीति ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक गलियारों और आम जनता के बीच एक नई हलचल पैदा कर दी है।


शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे कहा कि, एक ‘बिहारी बाबू’ होने के नाते मुझे यह राजनीतिक घटनाक्रम बेहद रोचक और निश्चित रूप से विस्फोटक प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि, आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सबकी एकता। आशा, इच्छा और प्रार्थना है कि आम जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर उनका समर्थन करे।
जय बिहार! जय हिंद!

30 जुलाई को होना है मतदान

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। वहीं, चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया कल 6 जुलाई से चालू है, सभी उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र पटना कलेक्ट्रेट ऑफिस में जमा कर सकते हैं। प्रशांत किशोर के यहां से चुनाव लड़ने से मुकाबला त्रिकोणीय हो चुका है। राजद ने रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि बीजेपी का इस सीट पर काफी लंबे समय से कब्जा रहा है, जिसे अभी अपने उम्मीदवार का ऐलान करना बाकी है।

ये भी पढ़ें- ‘NDA में सबकी अलग-अलग सोच’, भरत तिवारी एनकाउंटर पर डिप्टी CM विजय कुमार चौधरी ने क्यों कही ये बात?